24 C
Lucknow
Saturday, March 28, 2026

आर्थिक तंगी ने ली एक और जान, बेटे का मुंडन न करा पाने पर मां की मौत से मचा कोहराम

Must read

कानपुर: बिठूर थाना क्षेत्र के शिवनगर में एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां आर्थिक तंगी से जूझ रही एक मां ने अपने इकलौते बेटे का मुंडन न करा पाने की पीड़ा में अपनी जान गंवा दी। मृतका स्वाति सिंह (22) ने घर की छत पर पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर यह कदम उठाया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, स्वाति अपने एक वर्षीय बेटे एकांश का रामनवमी के दिन मुंडन संस्कार कराने का सपना देख रही थी। उसके पति धीरेंद्र सिंह यादव, जो मजदूरी करते हैं, कई दिनों से पैसे की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वह असफल रहे। इस बात को लेकर स्वाति काफी परेशान और उदास रहने लगी थी।

घटना वाले दिन भी धीरेंद्र घर से बाहर पैसे जुटाने के लिए निकले थे, लेकिन कहीं से मदद नहीं मिल सकी। इसी बीच दोपहर में पड़ोस में रहने वाली महिला ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी और खिड़की से झांककर देखा तो स्वाति फंदे से लटकी हुई मिलीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि स्वाति और धीरेंद्र ने वर्ष 2023 में प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद दोनों के परिवारों ने उनसे दूरी बना ली थी। ऐसे में यह दंपति अकेले ही संघर्ष कर रहा था। घटना के बाद धीरेंद्र की हालत बेहद खराब है—वह कभी बेटे को सीने से लगाकर रोते हैं, तो कभी पत्नी को याद कर फूट-फूटकर बिलख पड़ते हैं। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की आंखें भी नम हो गईं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में आर्थिक तंगी और मानसिक दबाव जैसी समस्याओं की गंभीरता को उजागर किया है, जिससे निपटने के लिए व्यापक स्तर पर संवेदनशीलता और सहयोग की आवश्यकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article