-जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पर चल रहे जनगणना प्रशिक्षण का हुआ समापन
देवेश कुशवाहा फिरोजाबाद
फिरोजाबाद। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) नगला अमान में चल रहे द्वितीय बैच के तीन दिवसीय मकान सूचीकरण एवं गणना प्रशिक्षण का समापन हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें राज्य स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना संबंधी बारीकियों से अवगत कराया।
जनगणना विभाग भारत सरकार की ओर से उपनिदेशक दिव्या जैन ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। जनगणना निदेशालय लखनऊ से नियुक्त नोडल अधिकारी अजीत सिंह एवं शनि कुमार राय ने डिजिटल जनगणना-2027 के तहत एचएलओ मोबाइल ऐप के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। फील्ड ट्रेनरों को ग्राउंड स्तर पर होम मैपिंग और हाउस लिस्टिंग का प्रयोगात्मक अभ्यास भी कराया गया। मुख्य प्रशिक्षक अशोक अनुरागी, अश्वनी कुमार जैन एवं योगेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी और आमजन भी स्वयं अपने मोबाइल के माध्यम से गणना कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान 33 बिंदुओं पर आधारित प्रश्नावली की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे सटीक और त्रुटिरहित डाटा संग्रह सुनिश्चित किया जा सके।


