24 C
Lucknow
Monday, February 9, 2026

ग्राम बिहार में बुखार का कहर, 10 मौतों से हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग ने लगाया कैंप

Must read

डीएम को सौंपा गया प्रार्थना पत्र, जांच में डेंगू नहीं मिला, वायरल फीवर की पुष्टि 

मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद: तहसील क्षेत्र के ग्राम बिहार (Bihar village) में बुखार से लगातार हो रही मौतों और संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क कर दिया है। ग्राम निवासी एडवोकेट राहुल परिहार ने सोमवार सुबह जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पिछले एक माह में गांव में 10 लोगों की मौत बुखार से हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक लोग बीमार हैं। यहां तक कि मवेशी भी बीमारी की चपेट में आ गए हैं।

गंभीर हालात की सूचना पर जिलाधिकारी ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया और नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम गठित कर गांव में भेजी गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर मंगलवार 30 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ग्राम बिहार में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।

कैंप में नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपक कटारिया, डॉ. आर.सी. माथुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद के प्रभारी डॉ. गौरव यादव, डॉ. जितेंद्र यादव, लैब टेक्नीशियन महेश कुमार, फार्मासिस्ट मनोज यादव के साथ आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। टीम ने घर-घर जाकर लोगों की जांच की और मरीजों को कैंप में बुलाकर मुफ्त दवाइयां वितरित कीं।

चिकित्सा प्रभारी डॉ. गौरव यादव ने बताया कि कुल 103 मरीजों की जांच की गई। किसी भी मरीज में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मौसमी बदलाव के चलते वायरल फीवर तेजी से फैल रहा है। सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं दी गईं और उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

जांच के दौरान नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया और डॉ. आर.सी. माथुर ने मृतका प्रियंका पत्नी मिथुन कुमार के परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने बताया कि प्रियंका का इलाज एक निजी अस्पताल में कराया गया था। उनकी रिपोर्ट में टाइफाइड पॉजिटिव निकला था, इलाज के बावजूद उनकी मौत हो गई।

टीम ने गांव में एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव भी कराया और ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने और व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान देने की अपील की।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article