– बाइक सवार बदमाशों ने रोकी कार, बेटे समेत सभी सुरक्षित
इटावा। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय धाकरे की गाड़ी पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना कालीवाहन मंदिर के पास की बताई जा रही है।
बाइक सवार बदमाशों ने रोकी कार
जानकारी के अनुसार, रात के समय बाइक पर सवार बदमाशों ने अजय धाकरे की कार को रोककर अचानक गोलियां चला दीं। फायरिंग के दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। गनीमत रही कि कार में सवार अजय धाकरे के बेटे शिवम और उनके एक मित्र पूरी तरह सुरक्षित हैं।
अजय धाकरे का आरोप है कि मकान विवाद को लेकर उन्हें पहले से धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने आशंका जताई है कि उसी विवाद के चलते यह जानलेवा हमला किया गया।
घटना के बाद अजय धाकरे स्वयं थाना कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।


