जौनपुर
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत वाजिदपुर (उत्तरी) मोहल्ले में छेड़खानी के एक आरोपित युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के अमरा गांव निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार यादव के रूप में हुई है, जो बीते करीब 10 दिनों से दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस से बचता फिर रहा था।
जानकारी के अनुसार, विजय कुमार यादव और उसके साथी राहुल यादव के खिलाफ एक किशोरी के साथ छेड़खानी का मामला दर्ज कराया गया था। इसके बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों युवक वाजिदपुर (उत्तरी) मोहल्ले में अपने परिचित के यहां छिपे हुए थे।
इसी दौरान शनिवार देर रात विजय कुमार यादव ने रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार तड़के करीब 3:30 बजे उसका शव लटका मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भंडारी पुलिस चौकी प्रभारी जयदीप कुमार कोल ने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी, जिसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। क्षेत्राधिकारी सिटी गोल्डी गुप्ता के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।
मृतक विजय कुमार यादव अपने परिवार में सबसे छोटा था और गांव में मां चनौता देवी के साथ रहकर खेती-किसानी करता था। उसके पिता का करीब 10 वर्ष पहले निधन हो चुका है, जबकि उसके बड़े भाई रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


