फर्रुखाबाद| समाजवादी पार्टी ने एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर जनमानस से सतर्क रहने की अपील की है। पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर में लगातार फर्जीवाड़े के मामले सामने आ रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष ने पार्टी के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, जोन प्रभारियों, सेक्टर प्रभारियों, बूथ प्रभारियों और बीएलए से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता या फर्जीवाड़ा सामने आता है तो उसकी सूचना तुरंत पार्टी संगठन और संबंधित अधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने जनपद के समस्त मतदाताओं और जागरूक नागरिकों से भी आह्वान किया कि लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी साझा करें। उनका कहना है कि चुनावी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
चंद्रपाल यादव ने आरोप लगाया कि एसआईआर में सामने आ रही अनियमितताएं एक सुनियोजित साजिश का परिणाम हो सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जाए, ताकि मतदाताओं का भरोसा लोकतांत्रिक व्यवस्था में कायम रह सके।





