फर्रुखाबादl राजेपुर थाना क्षेत्र में देसी शराब की दो अलग-अलग दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं को एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक चोरों का सुराग नहीं लगा सकी है। लगातार पूछताछ और जांच के दावों के बावजूद खुलासा न होने से व्यापारियों में नाराजगी और असुरक्षा का माहौल है।
लगभग एक माह पूर्व इमादपुर सोमवंशी स्थित देसी शराब की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने देर रात वारदात को अंजाम दिया था। दुकान से शराब की कई पेटियां पार कर दी गई थीं। घटना की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इसी दौरान थाना क्षेत्र के जैनापुर गांव में भी देसी शराब की एक अन्य दुकान को निशाना बनाया गया। यहां भी चोरों ने ताला तोड़कर शराब की पेटियां चोरी कर लीं। इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने से पहले या बाद में दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, ताकि पहचान न हो सके। इससे साफ संकेत मिलता है कि चोर योजनाबद्ध तरीके से सक्रिय थे।
पुलिस ने दोनों मामलों में कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। मोबाइल सर्विलांस और स्थानीय मुखबिर तंत्र के सहारे सुराग तलाशने की कोशिश की जा रही है। बावजूद इसके, एक माह बीत जाने के बाद भी किसी गिरफ्तारी या बरामदगी की सूचना सामने नहीं आई है।
स्थानीय लोगों और शराब दुकानदारों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते सख्ती की जाती तो दूसरी वारदात नहीं होती।
राजेपुर थानाध्यक्ष सुदेश कुमार का कहना है कि दोनों घटनाओं की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करेगी। उन्होंने दावा किया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
फिलहाल, लगातार हो रही चोरियों और अब तक खुलासा न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रीय लोग जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि अपराधियों पर अंकुश लग सके।



