फर्रुखाबाद| शहर के बजरिया मोहल्ले में दो दिन पहले बिजली का खंभा गिरने की घटना ने विद्युत व्यवस्था की पोल खोल दी है। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इलाके में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मार्ग पर बड़ी संख्या में विद्युत पोल झुके हुए और जर्जर अवस्था में खड़े हैं, जो कभी भी जानलेवा साबित हो सकते हैं।
यह घटना सोमवार को जसमई बिजली उपकेंद्र के आरएमआर फीडर से जुड़ी बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक लाइनमैन विद्युत पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहा था, तभी नीचे से गल चुका खंभा अचानक टूटकर गिर पड़ा। खंभा सड़क पार स्थित एक मकान के जाल पर जा टिका। लाइनमैन ने सूझबूझ दिखाते हुए बंच केबल और स्ट्रीट लाइट के सहारे लटककर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना के बाद विद्युत निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और गिरे हुए खंभे को दोबारा खड़ा कर पास के दूसरे पोल से तारों के सहारे बांध दिया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि खंभे को दोबारा जमीन में मजबूती से नहीं गाड़ा गया है, बल्कि अस्थायी तौर पर सहारा देकर खड़ा किया गया है, जिससे खतरा अभी भी टला नहीं है।
मंगलवार को उपखंड अधिकारी (एसडीओ) द्वारा मौके का सत्यापन कराया गया। जांच में आठ विद्युत पोल जर्जर अवस्था में पाए गए, जो कभी भी गिर सकते हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि शहर के अन्य मार्गों पर भी सभी अवर अभियंताओं से सत्यापन कराया जाएगा और खतरनाक पोलों को बदलने की कार्रवाई की जाएगी।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जर्जर खंभों को बदला नहीं गया। उनका आरोप है कि यदि समय रहते मरम्मत या प्रतिस्थापन कर दिया जाता तो यह घटना नहीं होती। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल निगम अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित खंभों को बदला जाएगा और क्षेत्र की विद्युत लाइन की संपूर्ण जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here