– पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. ब्रह्मदत द्विवेदी एवं स्व. प्रभा द्विवेदी के जेष्ठ पुत्र हैं मेजर द्विवेदी
फर्रुखाबाद: फर्रुखाबाद (Farrukhabad) में विधायक एवं सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति के सभापति सुनील दत्त द्विवेदी (Sunil Dutt Dwivedi) ने अपनी दिवंगत माता स्वर्गीय प्रभा द्विवेदी की 21वीं पुण्यतिथि के अवसर पर एक प्रेरणादायी और मानवीय कदम उठाया है। उन्होंने अपने देहांत के उपरांत अपने शरीर के महत्वपूर्ण अंगों और ऊतकों को अंगदान के लिए समर्पित कर दिया।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अंगदान के अंतर्गत उन्होंने किडनी, पैंक्रियाज, लिवर, आंतें, हृदय, फेफड़े, अस्थियां,हृदय के वाल्व, त्वचा, आंखों की कॉर्निया, अस्थि मज्जा, रक्त धमनियां को दान किया गया है। भारत सरकार द्वारा इसी दिन अंगदान की स्वीकृति एवं पंजीकरण प्रमाण पत्र भी प्राप्त हो गया। अंगदान से संबंधित आपातकालीन संपर्क के लिए प्रमाण पत्र पर विधायक की पत्नी श्रीमती अनीता द्विवेदी का मोबाइल नंबर दर्ज किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित समन्वय हो सके।
शनिवार पुण्यतिथि के मौके पर राजनीतिक व्यस्तता और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के चलते विधायक द्विवेदी इस बार फर्रुखाबाद में हवन नहीं कर सके। इसके स्थान पर हवन आर्य समाज मंदिर, लखनऊ में किया गया, जिसमें पारिवारिकजन और शुभचिंतक शामिल हुए। साथ ही, डॉ. शिव ओम अंबर के आवास पर एक काव्य गोष्ठी का आयोजन कर स्वर्गीय प्रभा द्विवेदी की स्मृति को नमन किया गया।
देश मे यह पहला उदाहरण है कि अपने देहांत के उपरांत अंगदान करने वाले संभवतः वे देश के पहले विधायक हैं। यह कदम न केवल समाज के लिए प्रेरणा है, बल्कि देशसेवा के प्रति उनकी संवेदनशील सोच को भी दर्शाता है। विधायक सुनील दत्त द्विवेदी द्वारा उठाया गया यह कदम अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने वाला है। यह संदेश देता है कि जीवन के बाद भी किसी के लिए जीवनदान दिया जा सकता है।


