➤ पुलिस ने सुरक्षा के तहत मकान कराया खाली, दमयंती सिंह को शिफ्ट किया गया
➤ फॉरेंसिक टीम ने संभाली जांच, विस्फोट के कारणों की तलाश जारी
फर्रुखाबाद, संवाददाता।
शहर कोतवाली क्षेत्र के नाला मछरट्टा मोहल्ले में पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। घटना के बाद पुलिस ने एहतियातन पूरा मकान खाली करा दिया और किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
विस्फोट के बाद पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती सिंह को भी तत्काल घर से बाहर निकालकर दूसरे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है और घर में रहने की स्थिति नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, धमाके के समय दोनों बहुएं घर में मौजूद नहीं थीं, जिससे वे सुरक्षित रहीं।
घटनास्थल पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। टीम ने मकान के अंदर जाकर मलबे का निरीक्षण,
विस्फोट के स्रोत की तलाश,
तकनीकी साक्ष्यों का संग्रह
जैसे महत्वपूर्ण कार्य शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
इस भीषण हादसे में घायल लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है
भैया लाल और यीशु चौरसिया का इलाज प्रसाद अस्पताल में चल रहा है,वहीं पूर्व विधायक पुत्रों सहित अन्य घायलों को भारत नर्सिंग होम, नाला मछरट्टा में भर्ती कराया गया है
गंभीर रूप से घायल राशु को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब तक फॉरेंसिक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक मकान को खाली और सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा।
धमाके के बाद पूर्व विधायक का घर खाली, फॉरेंसिक जांच तेज—घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज


