33 C
Lucknow
Wednesday, March 18, 2026

भाकियू अराजनैतिक गुट की पंचायत में गूंजी किसानों की आवाज, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद: क्षेत्र में किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर बुधवार को भाकियू (अराजनैतिक गुट) की एक महत्वपूर्ण पंचायत का आयोजन किया गया। यह पंचायत जिला महासचिव संजय गंगवार के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

बैठक के दौरान किसानों ने वर्तमान समय में आलू की गिरती कीमतों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। किसानों का कहना था कि मंडियों में उचित मूल्य न मिलने के कारण आलू उत्पादक किसानों की स्थिति बेहद खराब हो गई है। हालात ऐसे बन गए हैं कि किसान आर्थिक तंगी से जूझते हुए बर्बादी के कगार पर पहुंच चुके हैं और आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। किसानों ने मांग की कि सरकार या तो आलू का समर्थन मूल्य बढ़ाए या फिर आलू की रैक बाहर भिजवाने की व्यवस्था करे, जिससे उन्हें राहत मिल सके।

इसके अलावा पंचायत में गेहूं खरीद को लेकर भी महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया गया। किसानों ने कहा कि आगामी समय में सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर केवल वास्तविक किसानों का ही गेहूं खरीदा जाए और बिचौलियों पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में सख्त कदम उठाने की मांग की।

स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी किसानों ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन किसानों की सहमति हो, उन्हीं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाएं। जबरन मीटर लगाने का विरोध किया जाएगा और यदि ऐसा किया गया तो भाकियू अराजनैतिक गुट आंदोलन करने को बाध्य होगा।

नगर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करते हुए किसानों ने बताया कि शमशाबाद नगर में खासकर पीएनबी चौराहा से मोहल्ला तराई तक आए दिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन से मांग की कि फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जाए, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।

इसके साथ ही शमशाबाद मंडी की बदहाल स्थिति को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जाहिर की। किसानों ने बताया कि मंडी परिसर के अंदर सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और टीन शेड भी टूटे हुए हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

इस पर किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 13 दिनों के भीतर मंडी की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भाकियू (अराजनैतिक गुट) आंदोलन के लिए बाध्य होगा। पंचायत के उपरांत जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को संबोधित पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन थाना अध्यक्ष शमशाबाद को सौंपा गया और शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।

इस दौरान प्रमुख रूप से संजय गंगवार, बृजेश राजपूत, रामबरन यादव, डॉ. कैलाश चंद यादव, सलमान अहमद, रामनिवास, पलिया, रोशन लाल, नरेंद्र शाक्य, मनोज कुमार, उरूज़ खां, अशोक कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article