अमृतपुर, फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान को गति देने के उद्देश्य से उप जिला अधिकारी संजय सिंह एवं नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह यादव ने ग्राम पंचायत कुम्हरौर पहुंचकर संचालित पंजीकरण कैंप का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और रजिस्ट्री प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। उप जिला अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र किसानों का पंजीकरण समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए उन्हें फार्मर रजिस्ट्री के महत्व और इसके लाभों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री होने से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी और भविष्य में मिलने वाली योजनाओं में भी प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक किया जाए, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाए और अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि कैंप में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान कैंप में किसानों की अच्छी उपस्थिति देखी गई, जहां उनके दस्तावेजों का सत्यापन कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा रही थी। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर लेखपाल वरुण यादव सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
उप जिला अधिकारी संजय सिंह ने किसानों से अपील की कि वे स्वयं आगे आकर फार्मर रजिस्ट्री कराएं और अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी किसान शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।


