31 C
Lucknow
Tuesday, March 31, 2026

खेत की आग बुझाते समय किसान की मौत, ट्रांसफार्मर से लगी थी आग

Must read

 

अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बाबूपुर सरैया गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गेहूं के खेत में लगी आग बुझाते समय एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मुख्तार अहमद के रूप में हुई है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर में गांव निवासी बाबादीन के खेत में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे निकली चिंगारी ने खेत में पड़े गेहूं के अवशेष (नरई) में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के मोईद, मोईन, शायजहां, वसीम और उम्मर के खेतों तक फैल गई, जिससे करीब तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। इसी दौरान आग पर काबू पाने में जुटे मुख्तार अहमद अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों में ऊर्जा निगम के प्रति आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि ट्रांसफार्मर की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। हल्का लेखपाल ऋचा तिवारी ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है, जबकि पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि मुख्तार अहमद दिल्ली में शीशे की दुकान चलाते थे और हाल ही में अपने बड़े भाई की मृत्यु की सूचना पर गांव आए थे। उनके परिवार में पत्नी जुबैदा और पांच बच्चे हैं। इस अचानक हुई घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article