19 C
Lucknow
Friday, March 20, 2026

अलविदा जुमे की नमाज अदा, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआएं

Must read

 

कासगंज। जनपद के गंजडुंडवारा नगर में रमजान माह के अंतिम शुक्रवार, अलविदा जुमा के अवसर पर सभी मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्ण और श्रद्धा के साथ अदा की गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में रोजेदार नमाजियों ने एकत्र होकर अल्लाह से देश में अमन-चैन, खुशहाली, सलामती और आपसी भाईचारे की दुआएं मांगीं। पूरे नगर में धार्मिक माहौल और अनुशासन का सुंदर दृश्य देखने को मिला।
अलविदा जुमे को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में सुबह से ही खासा उत्साह दिखाई दिया। नमाज अदा करने के लिए नमाजी निर्धारित समय से पहले ही मस्जिदों में पहुंचने लगे थे, जिससे मस्जिद परिसर खचाखच भर गए। लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव से नमाज अदा कर रमजान के पवित्र महीने की विदाई की तैयारियों के बीच इबादत में समय बिताया।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मस्जिदों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो सके। वहीं नगर पालिका द्वारा भी विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं का ध्यान रखा गया, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर की जामा मस्जिद सहित अन्य सभी प्रमुख मस्जिदों में निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई। बान मंडी तिराहे वाली मस्जिद में हाफिज इमाम मोहम्मद तकलीम ने नमाज से पूर्व अपने संबोधन में रमजान की बरकतों, रोजे की अहमियत और इस पवित्र महीने की फजीलत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रोजेदार बेहद खुशकिस्मत होते हैं, जिनके लिए जन्नत के दरवाजे खोल दिए जाते हैं और उनकी मगफिरत के लिए फरिश्ते भी दुआ करते हैं।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को अलविदा जुमे की मुबारकबाद दी और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान पूरे नगर में शांति, अनुशासन और सौहार्द का माहौल बना रहा, जो सामाजिक एकता की मिसाल पेश करता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article