तीन वर्षों से फरार पॉक्सो आरोपी गिरफ्तार

0
23

 पहचान छिपाकर दिल्ली में कर रहा था सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी
लखनऊ। कृष्णानगर थाना पुलिस ने तीन वर्षों से फरार चल रहे पॉक्सो केस के आरोपी राहुल कुमार पुत्र भाइलाल (32) को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को नन्दन नगर नटखेड़ा क्षेत्र से दबोचा गया। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत 2015 में मुकदमा दर्ज हुआ था और लंबे समय से उसकी तलाश चल रही थी।
सूत्रों के अनुसार आरोपी तीन फरवरी 2023 को पेशी पर अदालत आया था। सुनवाई के दौरान दोष सिद्ध होने पर न्यायालय ने उसे जेल भेजने के निर्देश दिए, लेकिन मौका पाकर वह बाउंड्रीवाल फांदकर फरार हो गया। इसके बाद वह राजधानी से निकलकर दिल्ली पहुंचा और वहां अपनी पहचान छिपाकर एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने लगा। पुलिस की निगाह से बचने के लिए उसने दाढ़ी-मूंछ और बाल बढ़ाकर खुद का हुलिया बदल लिया था।
इसके बावजूद पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी बनाए हुए थी। 3 दिसंबर 2025 को राहुल चोरी-छिपे लखनऊ लौटा, और सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने नन्दन नगर नटखेड़ा इलाके में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कृष्णानगर थाना पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here