बरेलीl में पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती द्वारा अपने जीजा के खिलाफ की गई कथित झूठी पुलिस शिकायत के बाद जीजा की मौत हो गई। आरोप है कि लगातार शिकायतों और मानसिक दबाव के कारण जीजा अवसाद में चले गए, जिससे उनकी जान चली गई। अब मृतक की पत्नी ने इस पूरे मामले में अपनी ही सगी बहन समेत कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिव स्टेट कॉलोनी निवासी चमनजहां ने इज्जतनगर थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन मुशर्रत, मुशर्रत की पुत्री रिफा खान, दामाद अली अदनान, बेटे कामरान खान और अन्य लोगों ने उनके घर आकर विवाद किया। आरोप है कि झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने पर चमनजहां के बेटों के साथ भी मारपीट की गई।
चमनजहां का यह भी आरोप है कि मुशर्रत ने बीसी के रुपये हड़पकर अपनी बेटी और दामाद को दे दिए। जब भी उससे रुपये वापस मांगे जाते, तो वह यह कहकर टाल देती कि उसकी बहन पर उसके दस लाख रुपये बकाया हैं और वही लौटाएगी। इसको लेकर भी लंबे समय से पारिवारिक तनाव बना हुआ था।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि मुशर्रत ने अपने जीजा, यानी चमनजहां के पति, के खिलाफ पुलिस अधिकारियों से फर्जी शिकायतें कीं। इन्हीं शिकायतों और मानसिक प्रताड़ना के चलते उनके पति अवसाद में चले गए और अंततः उनकी मौत हो गई। इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।


