16 C
Lucknow
Thursday, February 12, 2026

नकली देसी घी फैक्टरी का भंडाफोड़, 1,080 लीटर मिलावटी घी बरामद

Must read

कानपुर
अबाबकपुर गांव में नामी कंपनी के नाम पर मिलावटी देसी घी बनाने के अवैध कारोबार का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कंपनी अधिकारियों से मिली सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में नकली घी बनाने वाली एक फैक्टरी पकड़ी गई। मौके से करीब 1,080 लीटर मिलावटी घी, भारी मात्रा में कच्चा माल, मशीनें और विभिन्न ब्रांडों के फर्जी लेबल व पैकिंग सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने फैक्टरी संचालक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया कि क्षेत्र में स्थित एक घी कंपनी के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि अबाबकपुर गांव में उनके ब्रांड के नाम पर नकली घी तैयार किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल छापा मारा। मौके पर एक युवक मिलावटी घी बनाते हुए पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम राजबहादुर यादव पुत्र सिद्धेश्वर यादव बताया। फैक्टरी से वजन मापने की मशीनें, सीलिंग व पैकिंग मशीनें, विभिन्न ब्रांडों के फर्जी लेबल, प्लास्टिक जार और 100 एमएल से 5 लीटर तक के पाउच बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घी के नाम पर रिफाइंड ऑयल और अन्य गैर-डेयरी पदार्थों का उपयोग किया जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा के अनुसार आरोपी ने अधिक मुनाफे के लालच में यह अवैध कारोबार शुरू किया था। बरामद सामग्री को सील कर जांच के लिए भेजा गया है तथा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नकली उत्पादों का कारोबार पहले भी सामने आता रहा है। आसपास के इलाकों में डिटर्जेंट, साबुन, पेंट, फेवीकोल, नकली शराब, नकली पेट्रोल-डीजल और इलेक्ट्रॉनिक सामान के क्लोन ब्रांड बिकने की घटनाएं भी पकड़ी जा चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं की सेहत और विश्वास के साथ खिलवाड़ न हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article