सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र के गोशाला रोड स्थित रामलीला भवन में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मानकमऊ मंडल में भाजपा के महामंत्री रहे शिवचरण रोहिला (50) की गोली लगने से मौत हो गई। अब इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के बेटे हर्षित रोहिला ने इसे हादसा नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या बताया है।
घटना बृहस्पतिवार रात की है, जब थाना सदर बाजार क्षेत्र के नवादा रोड स्थित कमल विहार जाली वाली फैक्टरी में किराये पर रहने वाले शिवचरण रोहिला, कोतवाली मंडी निवासी नवीन उपाध्याय के बेटे की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह के दौरान बराती और रिश्तेदार डीजे की धुन पर नाच रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान दूल्हे के जीजा रोहित उपाध्याय ने हर्ष फायरिंग की। चर्चा है कि आरोपी ने दो बार हवाई फायर किया, जिसकी आवाज तेज डीजे के कारण स्पष्ट नहीं हो सकी। तीसरी गोली सीधे शिवचरण रोहिला के सीने में जा लगी।
गोली लगते ही शिवचरण जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और अन्य लोग उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे हर्षित रोहिला ने कोतवाली मंडी में तहरीर देकर आरोपी रोहित उपाध्याय पर जानबूझकर और साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रोहित उपाध्याय परिवार का परिचित था और घटना सामान्य हर्ष फायरिंग नहीं लगती। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि फायरिंग हवाई थी तो गोली सीधे सीने में कैसे लगी।
शिवचरण रोहिला मूलरूप से रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव चंदनपुर के निवासी थे और पिछले करीब 20 वर्षों से सहारनपुर शहर में रह रहे थे। वह गार्डों की नौकरी लगवाने का कार्य भी करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। घटना की सूचना पर महापौर डॉ. अजय कुमार और पूर्व महापौर संजीव वालिया चंदनपुर गांव पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
सूचना मिलते ही एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल और एएसपी मनोज कुमार यादव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी रोहित उपाध्याय को बाबा लालदास मंदिर गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद हुई है।
पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शादी समारोह में हुई इस घटना ने शहर में हर्ष फायरिंग की खतरनाक प्रवृत्ति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here