33 C
Lucknow
Monday, April 13, 2026

पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, लापरवाह अफसरों पर एसपी का कड़ा एक्शन

Must read

फर्रुखाबाद।
जनपद में कानून-व्यवस्था को और सख्त व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल किया है। इस कार्रवाई से पूरे महकमे में हलचल तेज हो गई है और पुलिसकर्मियों के बीच खलबली का माहौल देखा जा रहा है। एसपी के इस सख्त रुख को अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में सामने आई लापरवाही और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कई उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। साथ ही, जिम्मेदारी निभाने में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई है।
तबादलों से बदली तस्वीर
जारी आदेश के तहत राजेपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक अमित कुमार को कादरी गेट थाने भेजा गया है। वहीं मोहम्मदाबाद कोतवाली में कार्यरत उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी को राजेपुर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कायमगंज कोतवाली के उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह का तबादला कमालगंज थाने में किया गया है। इन बदलावों का मकसद विभिन्न क्षेत्रों में पुलिसिंग को मजबूत करना और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना बताया जा रहा है।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
एसपी ने स्पष्ट संदेश देते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी सख्त कदम उठाए हैं। कायमगंज कोतवाली की मंडी चौकी के प्रभारी बलबीर सिंह को हटाकर मॉनिटरिंग सेल की जिम्मेदारी दी गई है। बताया जा रहा है कि हाल ही में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में उन पर गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में शहर कोतवाली क्षेत्र की घुमना चौकी के प्रभारी अमित कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं उपनिरीक्षक भोलाराम को अंगुष्ठ छाप प्रभारी के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।
कड़ा संदेश: अब नहीं चलेगी लापरवाही
एसपी आरती सिंह के इस फैसले को पुलिस महकमे में अनुशासन स्थापित करने और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को स्पष्ट संकेत दे दिया गया है कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article