महिला ने फांसी लगाई, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया,9 माह पहले हुई थी शादी, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

0
30

मोहम्मदाबाद| थाना क्षेत्र के बड़ा कछपुरा गांव में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने महिला की हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

मृतका की पहचान प्रशांत शाक्य की 22 वर्षीय पत्नी शालिनी के रूप में हुई है। प्रशांत की शादी गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के रजलामऊ निवासी अनिल कुमार की पुत्री शालिनी से 15 अप्रैल 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।

यह घटना बीती रात शाम 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। शालिनी ने घर के आंगन में लेंटर के जाल में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या की। उस समय प्रशांत शाक्य बैरामनगर में दावत खाने गए थे, जबकि उनकी सास रेशमा देवी घर से बाहर थीं।

जब सास रेशमा देवी घर लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। कुछ देर बाद प्रशांत भी दावत खाकर लौटे। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। दरवाजे से झांककर देखने पर उन्होंने शालिनी को फांसी पर लटका पाया, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। प्रशांत का छोटा भाई संकेत (20 वर्ष) भी उस समय गांव में घर से बाहर था।

मृतका के भाई रवि कुमार और अन्य परिजनों ने शालिनी की हत्या का आरोप लगाया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला और डीएसपी अजय वर्मा भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here