बरेली। जिले के आंवला क्षेत्र में रेलवे स्टेशन रोड स्थित भारत पेट्रोलियम तेल डिपो की पार्किंग में एक युवक द्वारा घुसकर हंगामा करने और बदायूं जैसी घटना को अंजाम देने की धमकी देने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
घटना के मुताबिक, दोपहर के समय एक युवक अपने कुछ साथियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए तेल डिपो की पार्किंग में घुस गया। आरोप है कि उसने वहां मौजूद अधिकारियों के साथ अभद्रता की और हंगामा करने लगा। इस दौरान पार्किंग में मौजूद टैंकर चालक और परिचालक भी मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
डिपो अधिकारियों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी युवक को अपने साथ थाने ले गई। हालांकि, इस दौरान उसके साथ आए अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी के पिता संभल जिले में पेट्रोल पंप संचालक हैं। बताया गया कि आरोपी एक दिन पहले भी डिपो पहुंचा था और तेल आपूर्ति को लेकर अधिकारियों से बहस की थी। उस दौरान उसकी एक वरिष्ठ अधिकारी से तीखी नोकझोंक भी हुई थी और जाते समय उसने अधिकारी को देख लेने की धमकी दी थी।
अगले दिन जब वह फिर डिपो पहुंचा, तो संबंधित अधिकारी के छुट्टी पर होने की जानकारी मिलने पर वह भड़क गया और हंगामा करने लगा। इसी दौरान उसने कथित रूप से बदायूं जैसी घटना करने की धमकी भी दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी के पास से कोई असलहा बरामद नहीं हुआ है। पुलिस को जो तहरीर प्राप्त हुई है, उसमें आरोपी का नाम भी स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं है।
डिपो प्रबंधन की ओर से मामले में तहरीर दी गई है और उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


