मिर्ज़ापुर (शाहजहांपुर): बुधवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे जलालाबाद-ढाईघाट स्टेट हाइवे पर ग्राम पृथ्वीपुर में हाइवे क्रास कर दूसरे घर में जा रही 60 वर्षीय महिला द्रोपदी पत्नी प्रहलाद की बाइक से टकराकर दर्दनाक मृत्यु हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बाइक चालक को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोरचरी भेज दिया है।
मृतका के पति प्रहलाद ने बताया कि बुधवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे उसकी पत्नी द्रोपदी घर से हाइवे के दूसरी ओर स्थित अपने दूसरे घर में जा रही थी। हाइवे क्रास करते समय ढाईघाट की ओर से तेजी व लापरवाही से बाइक चलाते हुए बाइक सवार ने उसकी पत्नी द्रोपदी को टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने बाइक चालक को मौके पर ही पकड़कर जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर आकर आरोपी बाइक चालक को ग्रामीणों से मुक्त करवाकर थाने और शव को सीएचसी जरियनपुर भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बाइक चालक अफजल ने अपना नाम अफजल पुत्र मंगू निवासी ग्राम कमथरी,थाना शमशाबाद (फर्रुखाबाद) बताया है। जबकि बाइक पर बैठी महिला का नाम रईसा पत्नी स्वर्गीय इदरीश व अरीबा पुत्री साहिल बताया।
बाइक चालक अफजल ने बताया कि वे जलालाबाद के ग्राम याकूबपुर में एक शादी प्रोग्राम में शामिल होने अपनी सास रईसा और रईसा की पौत्री के साथ जा रहे थे। अचानक रोड पर इस महिला के आ जाने से उसकी बाइक से टक्कर लग गई। जिससे यह दुर्घटना हुई है।


