शाहजहांपुर। शहीदों की नगरी कहे जाने वाले शहर में सड़कों की स्थिति को लेकर लोगों में लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है। महानगर की अधिकांश सड़कों पर गड्ढे और टूटी सड़कें वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। नगर निगम द्वारा बनाई गई कई सड़कों पर गाड़ियों के पहिए रखते ही झटके महसूस होते हैं और जगह-जगह गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
इसी खराब सड़क व्यवस्था का एक उदाहरण सोमवार को लोहारों वाला चौराहा पर देखने को मिला। गड्ढों से भरी सड़क पर अचानक संतुलन बिगड़ने से एक ई-रिक्शा पलट गया। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि रिक्शा में सवारियां भी बैठी थीं, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर रिक्शा को सीधा किया और सवारियों को बाहर निकाला। हादसे में चालक को हल्की चोटें आईं, जबकि सवारियां बाल-बाल बच गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में कई जगह सड़कों की हालत बेहद खराब है। बरसात के बाद से कई सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे रोजाना वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने नगर निगम से जल्द सड़क मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
गौरतलब है कि शाहजहांपुर जिले से प्रदेश सरकार में तीन बड़े मंत्री होने के बावजूद शहर की सड़कों की हालत पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में बड़े हादसे भी हो सकते हैं।


