जलभराव और कीचड़ से आवागमन ठप, जिलाधिकारी से तत्काल सड़क निर्माण की मांग
शमशाबाद: क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर (Bhagwanpur) में मुख्य मार्ग (main road) पिछले कई दिनों से जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। गांव की गलियों और नालियों का पानी सीधे मुख्य सड़क पर बह रहा है, जिससे पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। कीचड़ और गंदगी से लबालब इस मार्ग से गुजरना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति गांव के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है और इसके लिए ग्राम प्रधान सहित जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की लापरवाही जिम्मेदार है। लाखों रुपये की ग्राम विकास निधि मिलने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए मुसीबत बना रास्ता
मुख्य मार्ग पर भरे गंदे पानी और कीचड़ के कारण स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं। बुजुर्गों और महिलाओं के लिए भी इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि रोजमर्रा की जरूरतों की खरीदारी, अस्पताल जाना या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए इसी मार्ग का उपयोग करना पड़ता है। छोटे-बड़े वाहन जब इस सड़क से गुजरते हैं तो कीचड़ उछलता है, जिससे पैदल चलने वालों की परेशानी और बढ़ जाती है।
गांव की छवि पर भी पड़ रहा असर
ग्रामीणों का कहना है कि जब भी कोई रिश्तेदार या बाहरी व्यक्ति गांव आता है, तो सबसे पहले यही तालाबनुमा सड़क उसका स्वागत करती है। इससे गांव की छवि धूमिल हो रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा गांवों की सूरत बदलने के लिए ग्राम विकास निधि के तहत लाखों रुपये उपलब्ध कराए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्य नहीं दिख रहा। उनका कहना है कि विकास कार्यों की जगह निजी स्वार्थों को प्राथमिकता दी जा रही है।
संक्रामक बीमारियों का खतरा
मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जमा गंदा पानी मच्छरों के पनपने का कारण बन रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
कई बार की गई शिकायत, नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, परंतु समस्या जस की तस बनी हुई है।
जिलाधिकारी से की गई मांग
आक्रोशित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद से मांग की है कि क्षतिग्रस्त मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराकर अभिलंब सड़क निर्माण कराया जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गांव में आवागमन सामान्य हो सके। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


