एटा: यूपी के एटा (Etah) जिले के एक गांव में 17 वर्षीय लड़की और 18 वर्षीय लड़के के शव संदिग्ध परिस्थितियों (die under suspicious circumstances) में मिले हैं। दोनों मीर्हाची थाना क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, लड़का 12वीं कक्षा का छात्र था, जबकि लड़की 11वीं कक्षा में पढ़ रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि लड़के की हालत पहले बिगड़ी, जिसके बाद उसके परिवार वाले उसे एटा के वीरंगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मंगलवार शाम को उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ ही समय बाद, लड़की को भी उसी अस्पताल में लाया गया और वहां पहुंचने पर उसे भी मृत घोषित कर दिया गया।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दोनों किशोर एक ही इलाके के थे और कथित तौर पर उनके बीच संबंध थे, हालांकि परिवार के सदस्यों ने इस संबंध में कोई बयान देने से परहेज किया है। सूत्रों के अनुसार, परिवार वाले पुलिस को सूचित किए बिना और पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी अधिकारियों को सूचना मिली और उन्होंने हस्तक्षेप किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों शव एक घर के अंदर लटके हुए मिले, जिन्हें बाद में अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची। सर्किल ऑफिसर (सदर) संकल्प दीप कुशवाहा ने घटनास्थल का मुआयना किया। घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के लिए एक फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। इस बीच, पुलिस मामले की हर संभव कोण से जांच कर रही है।


