मुरादाबाद
जिले में एक युवक की दूसरी शादी की कोशिश उस समय विवाद में बदल गई, जब उसकी पहली शादी का राज खुल गया। मामला पाकबड़ा क्षेत्र का है, जहां बृहस्पतिवार को एक युवक दूसरी शादी करने पहुंचा था, लेकिन लड़की पक्ष को सच्चाई पता चलते ही हंगामा खड़ा हो गया।
जानकारी के अनुसार कुंदरकी थाना क्षेत्र के सौंदा गांव निवासी युवक सऊदी अरब में नौकरी करता था। वहीं उसने पंजाब की रहने वाली एक युवती से निकाह कर लिया था। कुछ समय बाद वह भारत लौटा और परिवार वालों ने उसकी दूसरी शादी मैनाठेर थाना क्षेत्र की एक युवती से तय कर दी।
दूसरी शादी की तैयारियां चल ही रही थीं कि किसी तरह युवक की पहली पत्नी को इस बारे में जानकारी मिल गई। उसने अपने परिजनों के जरिए पुलिस को सूचना दी। साथ ही यह बात लड़की पक्ष तक भी पहुंच गई कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है, जिसके बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
सच्चाई सामने आते ही गुस्साए लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसकी बरात को बंधक बना लिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पाकबड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
पुलिस ने दूल्हे और उसके कुछ परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


