फर्रुखाबाद। जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को परखने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गुरुवार को कई गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस सिलेंडर की उपलब्धता, बुकिंग व्यवस्था और उपभोक्ताओं तक डिलीवरी में लगने वाले समय की जानकारी ली तथा संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बलराम गैस सर्विस, जितेंद्र गैस सर्विस और राधा कृष्ण फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों से घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, बुकिंग की प्रक्रिया तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध ढंग से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही न होने पाए।
इसके बाद अधिकारियों ने राधाकृष्ण फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल और डीजल के उपलब्ध स्टॉक की जांच की। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल न देने की हिदायत दी गई, ताकि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते पाए गए कुछ वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। अधिकारियों ने मौके पर ही उनके चालान कटवाए और उन्हें भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। साथ ही वाहन चालकों को सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक भी किया गया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण करता रहेगा, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे और उपभोक्ताओं को समय पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हो सकें।
इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव, वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।


