लगभग एक बीघा सरकारी भूमि पर दुकान बनाकर जमाया कब्जा

फर्रुखाबाद| राजेपुर सराय मेदा निवासी नूर मोहम्मद पुत्र मोहम्मद मुंतकी ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा है कि कमालगंज–गुरसहायगंज मुख्य मार्ग पर स्थित आरपी डिग्री कॉलेज महरूपुर रावी फील्ड के ठीक सामने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कीमती भूमि पर खुलेआम अवैध कब्जा किया गया है। शिकायत के अनुसार मुइनुद्दीन, बदउद्दीन व शहाबुद्दीन पुत्रगण मोहम्मद बस्सी द्वारा बिना किसी वैधानिक अनुमति के सरकारी भूमि पर दुकान का निर्माण कर लिया गया है और करीब एक बीघा जमीन पर कब्जा जमा लिया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह भूमि पूरी तरह से लोक निर्माण विभाग के अभिलेखों में दर्ज है, इसके बावजूद प्रभाव और दबंगई के बल पर सरकारी संपत्ति को निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। अवैध निर्माण के चलते न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि सड़क किनारे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। मार्ग पर प्रतिदिन भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में अतिक्रमण के कारण कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
नूर मोहम्मद ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी कहा है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्थलीय जांच कराई जाए, अवैध कब्जा हटवाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here