फर्रुखाबाद। जनपद में सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण का गंभीर मामला सामने आया है। मोहल्ला सिविल लाइन, बरगदियाघाट क्षेत्र में स्थित सरकारी गाटा संख्या 406 व 407 पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कराए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि गाटा संख्या 406 (रकबा 0.2510 हेक्टेयर) एवं 407 (रकबा 0.6880 हेक्टेयर) नान-जेड़ ए श्रेणी की सरकारी भूमि है, जिस पर कई लोगों द्वारा अवैध रूप से भवन और मकान बना लिए गए हैं। आरोप है कि लक्ष्मण सिंह एडवोकेट एवं रेनू सिंह द्वारा भी बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार इस संबंध में पूर्व में 01 जनवरी 2025, 16 जून 2025 एवं 29 जुलाई 2025 को भी प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बताया गया है कि संबंधित पक्ष द्वारा नक्शा पास कराने के लिए प्रार्थना पत्र तो दिया गया, लेकिन मानचित्र स्वीकृत नहीं किया गया। इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के अधिशासी अधिकारी, तहसीलदार सदर एवं अवर अभियंता को संयुक्त आख्या और सूची नाम-पता सहित प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए थे, इसके बावजूद मौके पर अवैध निर्माण नहीं रोका गया।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सरकारी संपत्ति पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाया जाए और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी भूमि को नुकसान से बचाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here