शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसपी को दिए जांच के निर्देश, 5 दिन में रिपोर्ट तलब
– फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन कब्जाने और धमकी देने के आरोप, प्रशासन ने दिखाई सख्ती
फर्रुखाबाद। जिले में भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। अधिवक्ता की शिकायत पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने साफ तौर पर कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर पांच दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुटेटी दक्षिण निवासी अधिवक्ता विमलेश कुमार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि संजीव यादव और उसके सहयोगियों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर गरीबों की जमीन पर कब्जा करने और सरकारी भूमि को भी हड़पने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपित लोग दबंगई और धमकी के जरिए जमीनों पर कब्जा करने का प्रयास करते हैं, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया है। डीएम ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पांच दिन के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले में भू-माफियाओं और अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है। वहीं पीड़ित पक्ष को उम्मीद है कि प्रशासन की सख्ती से उन्हें न्याय मिल सकेगा।
भू-माफिया पर डीएम का सख्त रुख


