–नगर पंचायत में कराए गए कार्यों की डीएम ने की सराहना
शाहजहाँपुर: जनपद में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और नगरीय व्यवस्थाओं के स्थलीय सत्यापन के क्रम में जिलाधिकारी (DM) धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बुधवार को नगर पंचायत कांट (Nagar Panchayat Kant) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय का भ्रमण कर अभिलेखों और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने जन्म–मृत्यु पटल के रजिस्टरों का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि जन्म एवं मृत्यु से संबंधित प्रतिदिन प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों के लिए पृथक दैनिक रजिस्टर तैयार किया जाए, ताकि अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित हो सके।
इसके बाद अधिशासी अधिकारी द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नगर पंचायत कांट के इतिहास और वर्तमान में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण में कान्हा गौशाला निर्माण, वंदन योजना के अंतर्गत प्राचीन मां शीतला देवी मंदिर परिसर में निर्मित विश्रामालय, मदनापुर रोड पर निर्माणाधीन दुकानें, आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत मार्ग प्रकाश और सीसी रोड निर्माण, जल निकासी हेतु नाला निर्माण, तथा स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम 2.0) के अंतर्गत निर्माणाधीन शौचालयों की प्रगति से अवगत कराया गया।
साथ ही नगर की सफाई व्यवस्था के तहत संचालित डोर-टू-डोर कलेक्शन प्रणाली, निकाय की आय के स्रोत, जीआईएस सर्वे के बाद कर में हुई वृद्धि, लागू उपविधियां, सेफ सिटी परियोजना के अंतर्गत स्थापित सीसीटीवी कैमरे, वेस्ट टू वंडर पार्क, पोल पंजीयन और तालाब सौंदर्यीकरण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने नगर पंचायत में कराए गए कार्यों की सराहना करते हुए शेष विकास कार्यों को 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत निगरानी के निर्देश भी दिए।


