फर्रुखाबाद: दिनांक 18 फरवरी 2026 से शुरू होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 (UP Board Exam) को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 05 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी (DM) आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक और जनपद के 79 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर, वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे, हाईस्पीड इंटरनेट, पेयजल, शौचालय और बिजली की स्थायी व वैकल्पिक व्यवस्था अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्ट्रांग रूम बनाए जाने के निर्देश दिए गए। स्ट्रांग रूम में चार डबल लॉक वाली अलमारियां होंगी। प्रश्नपत्र शासनादेश के अनुसार सुरक्षित रखे जाएंगे। रिजर्व प्रश्नपत्रों की अलमारी की चाबियां स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित थानाध्यक्ष या नामित निरीक्षक के पास रहेंगी। स्ट्रांग रूम के खोलने और बंद करने का पूरा विवरण लॉग बुक में दर्ज किया जाएगा, जिसे पुलिस अभिरक्षा में रखा जाएगा।
सभी केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक संख्या में कक्ष निरीक्षकों का मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। यह भी साफ किया गया कि बालिकाओं की जांच किसी भी स्थिति में पुरुष कर्मचारी नहीं करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने दो दिनों के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने और सीसीटीवी कैमरे सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 की जानकारी दी गई। परीक्षा के दौरान विशेष सर्च अभियान चलाकर परीक्षार्थियों की जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा में बैठने दिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सूचना दी जाए और स्टैटिक मजिस्ट्रेट से समन्वय बनाकर परीक्षा सम्पन्न कराई जाए। जिलाधिकारी ने नए तैनात केंद्र व्यवस्थापकों को सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा। किसी भी सहायता के लिए जनपदीय कंट्रोल रूम नंबर 05692-234153 और कंट्रोल रूम प्रभारी के मोबाइल नंबर 9450109285 पर संपर्क करने के निर्देश दिए गए।


