फर्रूखाबाद| जनपद में संचालित उ0 प्र0 माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में स्थापित परीक्षा कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था, केंद्रवार रिपोर्टिंग प्रणाली तथा तैनात कार्मिकों की उपस्थिति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से निरंतर और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी केंद्र पर अवांछित गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम एवं संबंधित अधिकारियों को दी जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रश्नपत्र निर्धारित समय से पूर्व सुरक्षित ढंग से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएं तथा वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा कक्षों में बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल एवं सुरक्षा के सभी मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने, बाहरी व्यक्तियों की अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 का कड़ाई से अनुपालन कराने की बात कही।
जिलाधिकारी ने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतर्कता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद की परीक्षा व्यवस्था आदर्श और निष्पक्ष बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि में कंट्रोल रूम से निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here