फतेहगढ़ (फर्रुखाबाद)। आगामी होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्रान्तर्गत स्थित विभिन्न होलिका दहन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए मौके पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि होलिका दहन स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अग्निशमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर भीड़ अधिक रहती है, वहां बैरिकेडिंग कराकर आवागमन को सुचारू बनाए रखा जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क एवं सक्रिय रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं आयोजकों से संवाद कर आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा आश्वस्त किया गया कि जनपद में होली का पर्व पूर्णतः सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।


