दीपावली पर ट्रेनों की कमी से यात्रियों को विमान का सहारा, किराया आसमान पर

0
44

लखनऊ। दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हावड़ा रूट की ट्रेनों में भारी वेटिंग के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कन्फर्म टिकट न मिलने के कारण यात्रियों को अब विमानों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे एयरलाइन टिकटों के दाम सामान्य दिनों की तुलना में छह गुना तक बढ़ गए हैं।

जानकारी के अनुसार, लखनऊ से मुंबई जाने वाले विमानों का किराया सामान्य पांच हजार रुपये के मुकाबले 25,723 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, दिल्ली का किराया भी तीन हजार रुपये की तुलना में 22,165 रुपये तक महंगा हो गया है। एयरलाइन अधिकारियों ने बताया कि 26 अक्टूबर को लखनऊ से मुंबई के लिए इंडिगो की सीधी उड़ान का किराया 24,336 रुपये, एअर इंडिया एक्सप्रेस की सीधी उड़ान 22,085 रुपये और एअर इंडिया की सीधी उड़ान 25,723 रुपये में उपलब्ध है। लखनऊ से दिल्ली के लिए एअर इंडिया की एक सीधी उड़ान 15,523 रुपये में और इंडिगो की सुबह फ्लाइट 8,248 रुपये में बुक की जा रही है।

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए 52 स्पेशल ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव रेल बोर्ड को भेजा था। इन ट्रेनों की समयसारिणी और बोगियों की व्यवस्था पूरी कर ली गई है, लेकिन अभी तक बोर्ड से मंजूरी नहीं मिली है। लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने कहा कि जैसे ही अनुमति मिलती है, ट्रेनों को पटरी पर उतार दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here