24 C
Lucknow
Tuesday, March 17, 2026

दीपावली पर आसमान छूते हवाई किराए, दिल्ली-मुंबई से लखनऊ पहुंचना हुआ चार से छह गुना महंगा

Must read

लखनऊ। त्योहारों के मौसम में घर लौटने की चाह रखने वालों के लिए इस बार सफ़र जेब पर भारी पड़ रहा है। दीपावली से पहले लखनऊ आने वाली उड़ानों के किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली से लखनऊ तक का किराया जहां सामान्य दिनों में दो से ढाई हजार रुपये तक रहता था, वहीं अब यह 8 से 10 हजार रुपये तक पहुंच गया है। मुंबई से लखनऊ आने वाली फ्लाइटों के टिकटों में तो छह गुना तक उछाल देखने को मिला है।
एयरलाइन कंपनियों के मुताबिक, 20 अक्टूबर से पहले की सभी फ्लाइटों में सीटें लगभग फुल हो चुकी हैं। दीपावली के पहले घर वापसी की भीड़ के चलते यात्रियों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। रेलवे में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण अब लोग मजबूरी में एयर टिकट बुक कर रहे हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में घरेलू उड़ानों की बुकिंग में करीब 45 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर यात्रियों की चहल-पहल बढ़ गई है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि औसतन हर दिन 25 से 30 प्रतिशत अधिक यात्री आ-जा रहे हैं। एयरलाइंस ने इस बढ़ी हुई मांग का फायदा उठाते हुए किराए में जबरदस्त इजाफा कर दिया है।
यात्रियों का कहना है कि यह किराया आम लोगों की पहुंच से बाहर हो गया है। दिल्ली में काम करने वाले विवेक तिवारी ने बताया कि “हर साल दीपावली पर घर आते हैं, लेकिन इस बार हवाई किराया सुनकर हैरान रह गया। सामान्यतः 2,500 में मिलने वाला टिकट अब 9,000 रुपये का मिल रहा है।”
वहीं मुंबई से आने वाली उड़ानों की स्थिति और भी खराब है। यहां से लखनऊ तक का किराया 12 से 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है। यही नहीं, कई प्राइवेट एयरलाइंस डायनेमिक प्राइसिंग के नाम पर लास्ट-मिनट बुकिंग में और अधिक रकम वसूल रही हैं।
ट्रेन में सीट न मिलने के कारण हवाई टिकट की ओर रुख करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रेलवे की वेबसाइट पर बिहार, दिल्ली, मुंबई, और कोलकाता रूट की ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 30 से ऊपर पहुंच चुकी है। ऐसे में जो यात्री समय पर घर पहुंचना चाहते हैं, उन्हें मजबूरन महंगे एयर टिकट लेने पड़ रहे हैं।
एयरलाइंस एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह बढ़ोतरी सिर्फ मांग-आपूर्ति के असंतुलन के कारण नहीं है, बल्कि कई कंपनियों ने दीपावली से पहले अतिरिक्त लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से भी किराए बढ़ाए हैं। हालांकि, उम्मीद की जा रही है कि दीपावली के बाद किरायों में कुछ गिरावट आ सकती है।
लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे आखिरी समय की बुकिंग से बचें और यात्रा योजनाओं को पहले से तय कर लें। फिलहाल, त्योहार के इस मौसम में घर की दूरी केवल किलोमीटरों में नहीं, बल्कि जेब के बोझ में भी बढ़ गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article