बरेली। फरीदपुर से भाजपा विधायक रहे दिवंगत प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन से जिले में शोक की लहर है। उनके निधन के दूसरे दिन शनिवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शक्ति नगर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर पहुंचे और दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह करीब 11 बजकर 43 मिनट पर दिवंगत विधायक के आवास पहुंचे। उन्होंने विधायक की पत्नी, बेटियों और बेटे से बातचीत कर दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन प्रदेश की राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूरे परिवार से मुलाकात की और विधायक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। करीब 15 मिनट तक आवास पर रुकने के बाद मुख्यमंत्री रवाना हो गए।
गौरतलब है कि फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल शुक्रवार को बरेली के सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक के बाद भोजन के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत चिकित्सकीय सहायता दी गई, लेकिन करीब एक घंटे बाद ही उनका निधन हो गया। चिकित्सकों ने उनकी मौत का कारण हृदयाघात बताया। उनके अचानक चले जाने से राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक जगत में शोक व्याप्त है।
शनिवार को दिवंगत विधायक के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग उनके शक्ति नगर स्थित आवास पर पहुंचे। आमजन, पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और अधिकारी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे उनके आवास से अंतिम यात्रा निकाली गई, जो फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि के लिए रवाना हुई, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विधायक कार्यालय से लेकर श्मशान भूमि तक जनपद के विभिन्न सर्किलों के पुलिस क्षेत्राधिकारी, पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।






