कासगंज। जनपद में फरवरी माह के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत राशन का वितरण शुरू हो गया है। राशनकार्ड धारक 26 फरवरी तक अपने-अपने कोटेदार से निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। इस बार गेहूं और चावल के साथ बाजरा का भी वितरण किया जा रहा है, जिससे लाभार्थियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा सके।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि राशन वितरण की समय-सारिणी सुबह आठ बजे से दोपहर बारह बजे तक तथा शाम दो बजे से छह बजे तक निर्धारित की गई है। सभी उचित दर दुकानों पर वितरण नोडल अधिकारी की उपस्थिति में कराया जाएगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने बताया कि अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क दिया जा रहा है, जिसमें 11 किलोग्राम गेहूं, 14 किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल और 10 किलोग्राम बाजरा शामिल है। वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा, जिसमें दो किलोग्राम बाजरा, दो किलोग्राम गेहूं और एक किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल निःशुल्क वितरित किया जा रहा है।
खाद्यान्न वितरण में पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। लाभार्थी अपने कार्ड से जिले के किसी भी उचित दर दुकान से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे, जबकि विक्रेता अपने उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन करेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि यदि राशन वितरण में किसी प्रकार की समस्या आती है तो लाभार्थी जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी या पूर्ति निरीक्षक से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय से और पूरी मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।


