24 C
Lucknow
Friday, March 27, 2026

ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर विवाद, मारपीट में मां-बेटा घायल

Must read

 

संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के हसनपुर मुंजबता गांव में ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में मां और बेटा घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों की पहचान नूर जहां पत्नी जद्दन और उनके पुत्र शादाब के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने मामले में पुलिस को तहरीर दे दी है।

नूर जहां ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके देवर मिद्दन और उसके परिवार के लोग पुरानी रंजिश के चलते अक्सर विवाद करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी उनके बच्चों, खासकर लड़कियों के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें एक लड़की घायल हो गई थी। उस समय पारिवारिक रिश्तों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार को वह अपने घर के पास आलू छांटने का काम कर रही थीं। इसी दौरान आरोपियों ने उनके ई-रिक्शा को रास्ते में खड़ा करने का विरोध किया। मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि हमलावरों ने ई-रिक्शा में तोड़फोड़ करने के साथ गाली-गलौज की और महिलाओं व बच्चों के साथ भी मारपीट की।

नूर जहां का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को अकेला पाकर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाए।

पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article