26 C
Lucknow
Thursday, March 5, 2026

होलिका दहन स्थल को लेकर विवाद, मारपीट में बुजुर्ग समेत दो घायल; वीडियो वायरल

Must read

एटा: अलीगंज क्षेत्र के जसरथपुर थाना इलाके के गांव ढठिंगरा में होलिका दहन स्थल को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना में एक बुजुर्ग सहित दो लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस गांव पहुंची और मामले की पड़ताल की। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर न मिलने के कारण पुलिस ने कोई औपचारिक कार्रवाई नहीं की है।

जानकारी के अनुसार गांव ढठिंगरा में जिस स्थान पर वर्षों से होलिका दहन होता चला आ रहा था, उस स्थान पर इस बार मकान का निर्माण हो जाने के कारण होलिका दहन स्थल को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। गांव के रामदास और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच इस मुद्दे को लेकर पहले से ही तनातनी चल रही थी। दोनों पक्ष होलिका दहन के स्थान को अपनी प्रतिष्ठा का विषय बनाए हुए थे, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया था।

ग्रामीणों और कुछ जिम्मेदार लोगों के हस्तक्षेप के बाद विवाद को शांत कराने का प्रयास किया गया और अंततः होलिका दहन गांव के एक खाली मैदान में कराया गया। इसके बाद लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से होली का पर्व मनाया।

बताया जा रहा है कि होली जलने के बाद बृहस्पतिवार तड़के गांव निवासी बुजुर्ग रामदास परंपरा के अनुसार होली पर जौ की बाल चढ़ाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंच गए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और कुछ लोगों ने बुजुर्ग रामदास पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर गिर पड़े।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी चोट लगने की बात सामने आई है। मारपीट के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और थाना जसरथपुर की पुलिस गांव पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने मौके पर दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायल बुजुर्ग रामदास की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और घायल रामदास को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मारपीट की घटना में एक अन्य युवक के घायल होने की भी जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से आपसी विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की अपील की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article