23 C
Lucknow
Friday, March 27, 2026

हैंडपंप से पानी भरने को लेकर विवाद, जेठ ने बहू व भाई को पीटा

Must read

बीच-बचाव करने पहुंचे पति पर भी बरसे लाठी-डंडे, महिला ने थाने में दी तहरीर

शमशाबाद, फर्रुखाबाद: थाना शमशाबाद क्षेत्र में हैंडपंप से पानी भरने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि जेठ ने अपनी अनुज बहू के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और बचाने आए अपने छोटे भाई को भी बुरी तरह पीट दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर निवासी रचना, पत्नी गजेंद्र सिंह, बीते दिवस शाम करीब 7 बजे अपने घर के सामने लगे इंडिया मार्का सरकारी हैंडपंप से पानी भर रही थीं। इसी दौरान उनके जेठ विजेंद्र सिंह, पुत्र रघुनाथ, मौके पर पहुंचे और किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने रचना की पानी से भरी बाल्टी फेंक दी।

जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी जेठ ने आपा खोते हुए लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। शोर-शराबा सुनकर जब महिला का पति गजेंद्र सिंह बीच-बचाव के लिए आया, तो आरोपी और उग्र हो गया और उसने पति-पत्नी दोनों को जमकर पीटा।

मारपीट के दौरान गजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत होकर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो चुका था।

घटना के बाद पीड़ित महिला ने शुक्रवार सुबह थाना शमशाबाद पहुंचकर आरोपी जेठ के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article