फर्रुखाबाद: जनपद में विकास योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार (Collectorate Auditorium) में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय सांसद मुकेश राजपूत (MP Mukesh Rajput) ने की। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि गंगवार, सदस्य विधान परिषद प्रांशु दत्त द्विवेदी, नगर पंचायत अध्यक्षों सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में सांसद मुकेश राजपूत ने इटावा–बरेली मार्ग पर नालों का लेवल सही कराने और टूटी रेलिंग तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। मनरेगा योजना के अंतर्गत सभी विधायकों से 19 तालाबों के गहरीकरण, गाद निकासी एवं खुदाई से जुड़े कार्यों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की ऑनलाइन बिक्री को लेकर जानकारी दी गई। सांसद ने निर्देश दिए कि सड़क किनारे क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, रखा स्कूल सहित अन्य स्थानों पर खाली पड़ी भूमि पर दुकानें बनवाकर समूहों को आवंटित की जाएं, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित 54 मार्गों के सापेक्ष केंद्र सरकार द्वारा केवल 7 मार्गों के चयन की जानकारी दी गई। विधायक कायमगंज ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय रजलामई का हॉस्टल बंद होने और हाईटेंशन लाइन शिफ्ट न होने का मुद्दा उठाया। विधायक भोजपुर ने जरारी-भड़ौसा क्षेत्र में विद्युत चोरी की सघन जांच न होने पर नाराजगी जताई। सांसद ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि मेला रामनगरिया में फायर ब्रिगेड की गाड़ी हर समय मौजूद रहे।
सांसद खेलकूद स्पर्धा में खिलाड़ियों को गुमराह करने के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए। विधायक अमृतपुर ने नवाबगंज में डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट को दी गई भूमि का पट्टा समाप्त होने पर उसे वापस लेने की मांग की। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत आमिलपुर डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट के टेंडर शीघ्र खोलने की जानकारी दी गई। सांसद ने कहा कि केवल कूड़ा निस्तारण नहीं, बल्कि कलेक्शन सिस्टम भी विकसित किया जाए तथा गीले कचरे से सीएनजी बनाने की व्यवस्था हो।अंत में जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए निर्देशों के समयबद्ध अनुपालन का आश्वासन दिया।


