*लापरवाही : कई बार शिकायत के बाद भी नहीं खुली निगम की कुंभकरणीय नींद*
*नगर निगम के वादे निकले हवा-हवाई, खाली प्लॉट में भरे गंदे पानी ने खोली पोल*
फिरोजाबाद। जनपद के कन्हैया नगर क्षेत्र अंतर्गत शशि यादव वाली गली में जलभराव की समस्या अब विकराल रूप धारण कर चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
गली के पास स्थित एक खाली प्लॉट में गंदा पानी लंबे समय से जमा है, जो अब बदबू और मच्छरों का अड्डा बन चुका है। इससे आसपास रहने वाले लोगों का जीवन दूभर हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक बनी हुई है, क्योंकि गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात का पानी और घरों का गंदा पानी इसी प्लॉट में इकट्ठा हो जाता है। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर निगम हर बार जल्द समाधान का आश्वासन देता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नजर नहीं आता। हालात यह हैं कि अब लोगों को अपने घरों से निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। वहीं, नगर निगम की इस लापरवाही ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि जिम्मेदार विभाग आम जनता की समस्याओं को लेकर कितना गंभीर है।
फोटो 2 रानू शर्मा क्षेत्रीय निवासी
आस पास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है गंदे पानी की बजय से डेंगू,मलेरिया जैसी भयानक बीमारियां भी पनप रही है नगर निगम में कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई
रानू शर्मा क्षेत्रीय निवासी


