शाहजहांपुर। गढ़िया रंगीन कस्बे में मानवता और पशु प्रेम की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। कस्बे के व्यापारी दिनेश चंद्र गुप्ता (आढ़त वाले) ने एक कमजोर कुतिया और उसके छह नवजात बच्चों की देखभाल कर उन्हें नया जीवन दे दिया। उनके इस सराहनीय कार्य की पूरे क्षेत्र में जमकर चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार कस्बे में एक कुतिया ने छह बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन प्रसव के बाद उसकी हालत बेहद खराब हो गई थी। कुतिया की कमजोरी के कारण उसके बच्चों का जीवित रहना भी मुश्किल लग रहा था। यह देख दिनेश चंद्र गुप्ता का दिल पसीज गया और उन्होंने इंसानियत का परिचय देते हुए कुतिया और उसके बच्चों की जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली।
दिनेश चंद्र गुप्ता ने प्रतिदिन करीब डेढ़ किलो दूध की व्यवस्था कर कुतिया और उसके बच्चों को पिलाया और उनकी लगातार देखभाल की। कई दिनों तक चली उनकी सेवा और देखरेख का ही नतीजा है कि आज सभी पिल्ले पूरी तरह स्वस्थ और मजबूत हो चुके हैं।
दिनेश चंद्र गुप्ता का कहना है कि बेजुबान जानवर भी हमारी तरह ही जीवन और सहारे के हकदार होते हैं। अगर थोड़ा सा प्यार और सहयोग मिल जाए तो उनकी जिंदगी भी बचाई जा सकती है।
उनके इस नेक कार्य से प्रभावित होकर ग्रामीणों ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान अधिवक्ता सुमित कुमार गुप्ता (समाजसेवी) सहित वरिष्ठ पत्रकार भगवान शरण शर्मा, गोलू ठाकुर, टिंकल ठाकुर और पुष्पेंद्र गुर्जर समेत कई गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।


