31 C
Lucknow
Thursday, March 19, 2026

ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती: पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने किया धार्मिक स्थलों का निरीक्षण

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना कादरीगेट व कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने टीम के साथ कई मंदिरों, मस्जिदों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण किया, जहां लाउडस्पीकरों के प्रयोग की स्थिति का जायजा लिया गया। कई स्थानों पर मानकों के विपरीत तेज ध्वनि में संचालित हो रहे ध्वनि विस्तारक यंत्र पाए गए। इस पर पुलिस टीम ने संबंधित संचालकों से शांतिपूर्वक वार्ता कर उन्हें नियमों की जानकारी दी और निर्धारित मानकों के अनुरूप ध्वनि स्तर कम कराया गया।
कुछ स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करते पाए गए लाउडस्पीकरों को तत्काल प्रभाव से उतरवाया भी गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस प्रशासन ने संयम और संवाद का रास्ता अपनाते हुए लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया, जिससे किसी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से ऐसे निरीक्षण अभियान चलाते रहें तथा लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएं। साथ ही, आम नागरिकों से भी अपील की कि वे नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि जिले में शांति, सौहार्द और सुव्यवस्था कायम रह सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article