फर्रुखाबाद। कोतवाली सदर क्षेत्र अंतर्गत एक महिला ने तीन युवकों पर घर में घुसकर गाली-गलौज करने और तमंचा दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर तीनों युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला सलावत खां निवासी किरण ने थाना कोतवाली सदर में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री खुशी (20 वर्ष) का पूर्व में गौरव पुत्र आनंद कुशवाहा निवासी बिर्राबाग, थाना कादरीगेट से मोबाइल पर संपर्क रहता था। दीपावली के बाद खुशी ने उससे बात करना बंद कर दिया था, जिससे नाराज होकर गौरव कथित रूप से पीड़िता के घर के बाहर आकर हंगामा करने लगा।
किरण के अनुसार घटना वाले दिन गौरव शराब के नशे में घर के बाहर आया और गंदी-गंदी गालियां देने लगा। मना करने पर उसने तमंचा निकालकर डराया-धमकाया। पीड़िता ने बताया कि गौरव के साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे। पूछताछ में उनके नाम हिमांशु पुत्र चुन्नूलाल निवासी वेदान्ता हॉस्पिटल, कादरीगेट तथा ऋषभ गुप्ता पुत्र विजय कुमार गुप्ता निवासी लकूला रोड, बिर्राबाग, थाना कादरीगेट के रूप में पता चले।
पीड़िता का आरोप है कि तीनों आरोपी एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए मौके से भाग गए। घटना से परिवार में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।




