मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के रसूलपुर सुनवाती गांव में शनिवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब देवर–भाभी की संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
गांव निवासी नरेंद्र की पत्नी सुनीता शनिवार शाम परिवार के साथ कूड़ा फेंकने गई थी। उसी दौरान उसका देवर प्रवीण भी वहां पहुंच गया। नरेंद्र का आरोप है कि प्रवीण ने उसकी पत्नी को पकड़कर कमरे में बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से धुआं उठने लगा। जब तक परिवार के लोग पहुंचे, दरवाजा अंदर से बंद था और आग तेजी से फैल चुकी थी।
गांववालों ने किसी तरह दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से झुलस चुके थे और मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाने में लगी है।
गांव में घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं जारी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।





