संवाददाता – कानपुर। दीपावली से पहले पटाखों की अवैध तैयारी एक बड़े हादसे में बदल गई। सचेंडी थाना क्षेत्र के एक खेत में रविवार देर शाम दो युवक देशी बम बना रहे थे, तभी अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज़ इतनी तेज़ थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई घरों की दीवारों में दरारें तक आ गईं।
धमाका होते ही दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीण तुरंत खेत की ओर दौड़े और आग की लपटों के बीच से घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को नज़दीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस को सूचना मिलते ही सचेंडी थाने की टीम और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया। खेत से बारूद, खाली डिब्बे, और बम बनाने का कच्चा सामान बरामद किया गया है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया “प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों युवक दीपावली के लिए बिक्री हेतु देशी बम तैयार कर रहे थे। मामले की जांच की जा रही है कि बारूद कहां से लाया गया और इसमें कौन-कौन शामिल है।”
धमाके से आसपास के खेतों में आग लगने की आशंका भी जताई गई, हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से सख़्त कार्रवाई की मांग की है ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
ग्रामीणों ने बताया “धमाके की आवाज़ से पूरा इलाका कांप गया, बच्चों और महिलाओं में हड़कंप मच गया।”
पुलिस ने घटनास्थल से नमूने इकट्ठे कर जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भेज दिए हैं।
दोनों झुलसे युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है।





