27 C
Lucknow
Friday, April 3, 2026

डिप्टी सीएम केशव मौर्य का काफिला चाय की दुकान पर रुका,

Must read

 

 

2027 में बड़ी जीत का किया दावा

प्रयागराज। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का काफिला शुक्रवार को साईं मंदिर के पास स्थित दीपक टी स्टॉल पर अचानक रुक गया, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा की। इस दौरान राजनीतिक माहौल भी गरमाया रहा और उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया।
चाय की इस अनौपचारिक बैठक में महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता विजय द्विवेदी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस मौके पर केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 2017 से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से संतुष्ट है, जिसका परिणाम आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा।
वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि उनकी राजनीति केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रह गई है। आईपीएस अधिकारी केके विश्नोई की शादी में शामिल होने को लेकर सपा विधायकों से जवाब मांगे जाने के मुद्दे पर उन्होंने इसे “घटिया राजनीति” करार दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक या पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होना व्यक्तिगत विषय है और इसे राजनीति से जोड़ना गलत है।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि देश की राजनीति अब सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और लोग जाति, धर्म और दल से ऊपर उठकर विकास के मुद्दों पर निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी भाजपा तेजी से मजबूत हो रही है और आने वाले समय में इन राज्यों में भी पार्टी का परचम लहराएगा।
इससे पहले केशव प्रसाद मौर्य भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महानगर, गंगापार और यमुनापार के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संबोधित करने पहुंचे थे। वहां उन्होंने संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article