24 C
Lucknow
Monday, February 9, 2026

घने कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, कंचौसी में ट्रेनें घंटों लेट रहीं, रेलवे क्रॉसिंग पर लगा डेढ़ घंटे जाम

Must read

औरैया: कंचौसी (Kanchhausi) क्षेत्र में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दीं। तीन दिनों से जारी खराब मौसम के क्रम में मंगलवार को जहां ओलावृष्टि और बारिश हुई, वहीं बुधवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कोहरे के कारण रेल (trains) और सड़क दोनों मार्गों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कंचौसी रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों सहित लोकल ट्रेनों की चाल पूरी तरह से प्रभावित रही। फरक्का एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से साढ़े चार घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंच सकी। यह ट्रेन सामान्य रूप से सुबह चार बजे कंचौसी पहुंचती है, लेकिन बुधवार को सुबह करीब 8:30 बजे के बाद स्टेशन पहुंची। इससे कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, अयोध्या, सुलतानपुर, जौनपुर और वाराणसी जाने वाले यात्रियों को खासा इंतजार करना पड़ा।

इसी तरह चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से साढ़े पांच घंटे की देरी से कंचौसी पहुंची। इस ट्रेन के लेट होने से कानपुर, उन्नाव, फतेहपुर, प्रयागराज और ऊंचाहार की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। इसके अलावा टूंडला-कानपुर मेमू लगभग 20 मिनट, कानपुर-इटावा मेमू करीब डेढ़ घंटे, इटावा-कानपुर मेमू लगभग दो घंटे और शिकोहाबाद-कानपुर मेमू करीब 30 मिनट की देरी से स्टेशन पहुंची। मेमू ट्रेनों के लेट होने से इटावा, अछल्दा, रूरा, पनकी धाम, गोविंदपुरी और झींझक जाने वाले दैनिक यात्रियों को भी काफी दिक्कत हुई।

कंचौसी रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ लगी रही। कई यात्री प्लेटफॉर्म पर ठंड और कोहरे में ट्रेन का इंतजार करते नजर आए। स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया कि घने कोहरे के कारण ट्रेनों की गति कम कर दी गई थी, जिस वजह से वे पिछले स्टेशनों से ही देरी से चल रही थीं।

दूसरी ओर कोहरे का असर सड़क यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। कानपुर-इटावा हाईवे समेत अन्य मार्गों पर रोडवेज बसों और निजी वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालक सावधानी से चलते नजर आए। अछल्दा, फफूंद और पाता रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों के भी लेट पहुंचने से यात्रियों में नाराजगी देखी गई।

कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार सुबह स्थिति और भी गंभीर हो गई। सुबह करीब नौ बजे मालगाड़ियों और एक्सप्रेस ट्रेनों को पास कराए जाने के चलते रेलवे क्रॉसिंग डेढ़ घंटे तक बंद रही। इसके कारण क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। क्रॉसिंग खुलने के बाद भी जाम की स्थिति बनी रही। जाम को खुलवाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और स्थानीय पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article